Apr 14, 2026

मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धि: दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से सुगम होगा चारधाम यात्रा का मुख्य प्रवेश द्वार

post-img

देहरादून। दिल्ली और उत्तराखंड के बीच की दूरी को मिटाने वाली बहुप्रतीक्षित परियोजना 'दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर' का आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विधिवत लोकार्पण करेंगे। लगभग 11,963 करोड़ रुपये की लागत से बना यह एक्सप्रेसवे न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की कनेक्टिविटी बदलेगा, बल्कि विकास और पर्यावरण के संतुलन की नई मिसाल पेश करेगा। आज बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती है, और चर्चा है कि केंद्र सरकार इस एक्सप्रेसवे को उनके नाम समर्पित कर बड़ी सौगात दे सकती है।

इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी विशेषता इसका 12 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड वन्यजीव कॉरिडोर है, जो राजाजी नेशनल पार्क के ऊपर से गुजरता है। यह एशिया का सबसे बड़ा ग्रीन कॉरिडोर है, जिससे वन्यजीवों के मूवमेंट में कोई बाधा नहीं आएगी। साथ ही, 340 मीटर लंबी डाट काली सुरंग इस सफर को रोमांचक और सुगम बनाएगी। इस एक्सप्रेसवे के खुलने से दिल्ली से दून का सफर मात्र 2.5 से 3 घंटे में पूरा होगा। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। करीब 3000 पुलिसकर्मी तैनात हैं और चप्पे-चप्पे पर चौकसी बरती जा रही है। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार से ही सहारनपुर में मोर्चा संभाले हुए हैं। पीएम मोदी सुबह 11:15 बजे गणेशपुर पहुंचेंगे, जहां उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री एक्सप्रेसवे के निरीक्षण के बाद इसी मार्ग से सड़क मार्ग द्वारा मां डाट काली मंदिर पहुंचेंगे, जहां वे पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे देहरादून के पास एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम इस दौरान एक्सप्रेसवे के साथ-साथ कई जल विद्युत परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री के सड़क मार्ग से सफर करने के कारण सहारनपुर से देहरादून हाईवे को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। यातायात सुचारू रखने के लिए प्रशासन ने भारी वाहनों और निजी गाड़ियों के लिए रूट डायवर्जन लागू किया है।