govt-ads

हल्द्वानी उपनिबंधक ने रद्द किया था फर्जी पंजीकरण फिर भी जारी रहा खेल: एसडीएम की जांच में खुला फंड के दुरुपयोग का राज

Blog
 Image

नैनीताल। श्री कैंचीधाम स्थित 'गुरु कृपा आवासीय कल्याण समिति' में कथित वित्तीय अनियमितताओं, फर्जी हस्ताक्षरों और वरिष्ठ नागरिकों के उत्पीड़न के मामले में सूचना के अधिकार (RTI) के तहत चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। उपजिलाधिकारी (SDM) श्री कैंचीधाम द्वारा जिलाधिकारी नैनीताल को भेजी गई विस्तृत जांच आख्या में समिति के पदाधिकारी राजीव चौधरी के विरुद्ध प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितताओं की पुष्टि करते हुए तत्काल मुकदमा (FIR) दर्ज करने की संस्तुति की गई है। साथ ही, पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) भवाली की संस्तुति के बावजूद लगभग 23 महीने तक एफआईआर दर्ज न करने वाले पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की भी सिफारिश की गई है। कमल अपार्टमेंट्स, ग्राम निगलाट तल्ला (कैंचीधाम) निवासी वरिष्ठ नागरिकों व समिति सदस्यों मोहिनी विज, शालू पाल, योगेन्द्र पाल, बिन्दु झा, अनीता साह, जगजीत सिंह और उपसचिव सुमित खन्ना ने समिति के महामंत्री/अध्यक्ष (तथाकथित) राजीव चौधरी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। 31 जुलाई, 2026 को प्रेषित इस जांच आख्या में शिकायतकर्ताओं के आरोपों को प्रथम दृष्टया सही पाया गया है।  

जांच आख्या के प्रमुख निष्कर्ष: निरस्त सोसाइटी के नाम पर फंड का दुरुपयोग

जांच में सामने आया कि राजीव चौधरी ने पुरानी 'गुरु कृपा समिति' को विधिवत भंग किए बिना ही वर्ष 2019 में कपटपूर्ण तरीके से 'गुरुदेव आवासीय कल्याण समिति' का नया पंजीकरण करा लिया, जिसे उपनिबंधक हल्द्वानी ने 23 अक्टूबर, 2023 को निरस्त कर दिया था। इसके बावजूद, तत्कालीन अध्यक्ष द्वारा बंद कराए गए 'गुरु कृपा समिति' के बैंक खाते को दोबारा खुलवाकर 16 जून, 2022 को ₹3,50,000 निकाले गए और निरस्त की जा चुकी 'गुरुदेव सोसाइटी' के नाम पर ट्रांसफार्मर लगवाया गया।

फर्जी हस्ताक्षर और झूठा शपथ पत्र

समिति के नवीनीकरण के लिए उपनिबंधक कार्यालय में यह झूठा शपथ-पत्र दिया गया कि संस्था में कोई मतभेद नहीं है। इसके अलावा, बंद पड़े बैंक खाते को पुनः चालू कराने और समिति के अभिलेखों में मोहिनी विज सहित अन्य सदस्यों के कूटरचित (फर्जी) हस्ताक्षरों के इस्तेमाल की प्रथम दृष्टया पुष्टि हुई है। समिति के बैंक खाते के लेन-देन में तीन अलग-अलग आंकड़े (₹14.93 लाख, ₹12.29 लाख और ₹14.99 लाख) सामने आए हैं, जिसे गंभीर वित्तीय अनियमितता माना गया है। आरोप है कि तीन सदस्यों से बिजली कनेक्शन के नाम पर ₹25,000 से ₹30,000 तक वसूले गए, लेकिन उन्हें कनेक्शन नहीं दिया गया। साथ ही, परिसर में होटल चलाने की मंशा से बुजुर्ग निवासियों को पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित कर फ्लैट बेचने के लिए धमकाने के आरोपों को भी जांच में निराधार नहीं पाया गया है। इस मामले में पुलिस महानिदेशक (DGP) और पुलिस महानिरीक्षक (IG) कार्यालय के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी (CO) भवाली ने जांच की थी और 30 अगस्त, 2024 को स्पष्ट रूप से मुकदमा दर्ज कर विवेचना करने की संस्तुति की थी। लेकिन करीब दो साल (23 माह) बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं की गई। एसडीएम ने इसे सुप्रीम कोर्ट के 'ललिता कुमारी बनाम उत्तर प्रदेश सरकार' के ऐतिहासिक फैसले की अवहेलना बताया है।